-->

प्रिंट मीडिया लोकतंत्र की रीढ़ है: कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबद्ध नगर।



ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय फ्यूचर लाइन टाईम्स के 9वें स्थापना दिवस पर शारदा विश्वविद्यालय में हुआ भव्य आयोजन, शारदा विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय फ्यूचर लाइन टाईम्स हिंदी समाचार पत्र के 9वें स्थापना दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए समाचार पत्र के संस्थापक ओमवीर सिंह आर्य के प्रयासों की सराहना की और कहा कि जिस प्रकार से ओमवीर सिंह आर्य ने ‘आर्य’ नाम और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़कर इस समाचार पत्र को एक नीति, सिद्धांत और निष्ठा के साथ संचालित किया है, वह प्रशंसनीय है।

सुनील शर्मा ने कहा कि वे पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि इस समाचार पत्र ने कभी भी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है और उसमें समाचार पत्रों की भूमिका अभी भी अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवंत बनी हुई है।

उन्होंने कहा, “हम भले ही कितने ही इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल चैनल्स देख लें, लेकिन आज भी देश में एक बड़ा पाठक वर्ग ऐसा है, जो सुबह की शुरुआत अखबार के साथ करता है। वह चाय की चुस्की के साथ अखबार पढ़ता है और उसकी खबरों को विश्वसनीय मानता है। सोशल मीडिया पर कई प्रकार की जानकारियां मिलती हैं, लेकिन उनकी शत-प्रतिशत विश्वसनीयता नहीं मानी जाती। इसके विपरीत, प्रिंट मीडिया की साख आज भी कायम है।”

कैबिनेट मंत्री ने इस बात पर भी बल दिया कि अखबार को चलाना जितना कठिन कार्य है, उसे मेंटेन करना उससे भी अधिक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी समाचार पत्र चलाते समय समझौते करने की स्थिति आती है, लेकिन जब बात राष्ट्र और समाज से जुड़े विषयों की हो, तब कोई समझौता नहीं होना चाहिए, चाहे उसकी कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।

उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेजी शासन के दौर में भी लोगों ने अखबारों के माध्यम से निर्भीकता से जनजागरण किया। ऐसे ही साहसी पत्रकारिता की आज भी देश को ज़रूरत है। यदि पत्रकारिता में निर्भीकता बनी रहती है तो लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सुनील शर्मा ने ‘राष्ट्रीय फ्यूचर लाइन टाईम्स’ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस समाचार पत्र की सकारात्मक और राष्ट्रहित में आधारित पत्रकारिता देश को एक नई दिशा दे रही है। उन्होंने आशा जताई कि यह पत्र भविष्य में भी जनहित और सत्य की आवाज़ बनकर कार्य करता रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ