गौतमबुद्धनगर। दिनांक 23 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे जिला पंचायत गौतमबुद्धनगर के सभागार में बजट बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनहित एवं लोक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी वित्तीय वर्ष 2026–2027 के लिए लगभग 9.00 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित किए गए, जबकि आय का लक्ष्य करीब 15.00 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया। पंचम वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 3.40 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुमान प्रस्तुत किया गया।
बैठक में तेज ध्वनि वाले डीजे पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के श्मशान घाटों में शवदाह गृह निर्माण को प्राथमिकता देने पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
बैठक में सदस्य विधान परिषद श्री श्रीचन्द शर्मा, सदस्य विधानसभा श्री तेजपाल नागर, सदस्य श्री देवा भाटी, श्रीमती मोहिनी, श्रीमती जयवती देवी, श्री सुनील भाटी सहित मुख्य विकास अधिकारी श्री शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अमित चौधरी ने की तथा संचालन अपर मुख्य अधिकारी श्रीमती प्रियंका चतुर्वेदी द्वारा किया गया। अंत में अध्यक्ष महोदय ने सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक को शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न घोषित किया।
0 टिप्पणियाँ