दादरी/गौतमबुद्ध नगर। दुजाना स्थित दादी सत्ती धाम, एस जी एस एम इंटर कालिज परिसर, में 12 फरवरी 2026, बृहस्पतिवार को आयोजित होने जा रहे विराट हिन्दू सम्मेलन की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर दिखाई दे रहा है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार प्रातः 09 बजे 51 कुण्डीय महायज्ञ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन में देश के प्रतिष्ठित संतों एवं वक्ताओं का सान्निध्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता योगनिष्ठ स्वामी कर्मवीर जी महाराज करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में हिंदू जागरण मंच, पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक मंत्री गोपाल जी उपस्थित रहेंगे। साथ ही श्री संकटमोचन बालाजी धाम, अम्बाला छावनी के पूज्य डॉ. स्वामी गुणाक्षानन्द (डॉ. गुड्डू महाराज) अपने प्रेरणादायी उद्बोधन से समाज को एकता, संस्कार और धर्म रक्षा का संदेश देंगे।
आयोजन समिति द्वारा पंडाल, मंच, ध्वनि व्यवस्था, बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पूरे परिसर में भगवा ध्वज एवं स्वागत द्वार आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। समिति ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है। कार्यक्रम के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद (भंडारा) की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
विराट हिन्दू सम्मेलन समिति, दुजाना द्वारा आयोजित यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक जागरण, सामाजिक समरसता और संगठन शक्ति का भव्य उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
0 टिप्पणियाँ