-->

सरदार पटेल जयंती की तैयारियों को लेकर डॉ. दिनेश शर्मा से मिला गुर्जर महासभा का प्रतिनिधिमंडल

कमल प्रजापति संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स नई दिल्ली।

नई दिल्ली। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चंद्र भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान 29 अक्टूबर 2026 को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह एवं विशाल गुर्जर अधिवेशन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में गुर्जर समाज में सामाजिक जागरण, शिक्षा के प्रसार, संगठन की मजबूती, राजनीतिक जागरूकता और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समाज की एकजुटता और प्रगति के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देने पर भी जोर दिया गया।

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि गुर्जर समाज ने देश की आजादी, राष्ट्र निर्माण और देश-धर्म की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि महासभा का अधिवेशन सामाजिक भेदभाव को दूर करने, सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि लौह पुरुष ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए महासभा को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि 29 अक्टूबर का आयोजन सरदार पटेल के विचारों, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक स्वाभिमान का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक संख्या में तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सविंदर भाटी, के.पी. सिंह कसाना, जगबीर दौला, रामकेश चपराना, ब्रजवीर प्रमुख, वीरेंद्र विधूड़ी, अशोक भाटी, अरुण भाटी, जितेंद्र विकल, सुनील भाटी, राजकुमार चौधरी सहित महासभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ