ताहिर अली संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।
गाजियाबाद। शहर के आरडीसी स्थित एक रेस्टोरेंट में बहुप्रतीक्षित संगीत एल्बम ‘सुकून’ का भव्य लॉन्च एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर संगीत जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित कलाकार, साहित्यकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एल्बम ‘सुकून’ को युवा एवं प्रतिभाशाली गायक राजा घोष ने अपनी सुमधुर और भावपूर्ण आवाज़ से सजाया है। यह उनका दूसरा संगीत एल्बम है, जिससे संगीत प्रेमियों को काफी उम्मीदें हैं। एल्बम के एक विशेष गीत में बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका, ज़ी टीवी के ‘सा रे गा मा पा’ की विजेता एवं जज अर्पिता मुखर्जी ने अपनी मधुर आवाज़ दी है, जिससे एल्बम की लोकप्रियता और बढ़ने की उम्मीद है।
एल्बम का संगीत बॉलीवुड के चर्चित संगीतकार संकल्प श्रीवास्तव ने तैयार किया है। उन्होंने हरिहरन, जावेद अली, श्रेया घोषाल, ऋचा शर्मा और जसपिंदर नरूला जैसे नामचीन गायकों के साथ कार्य किया है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने अपने संगीत सफर, एल्बम निर्माण की प्रक्रिया और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
एल्बम के गीतों को प्रसिद्ध कवि एवं गीतकार चेतन आनंद ने अपनी संवेदनशील लेखनी से सजाया है। इसमें उनका एक गीत और एक ग़ज़ल शामिल है। साथ ही गीतकार रवि-राकेश के प्रेमगीत भी एल्बम को भावनात्मक गहराई प्रदान करते हैं।
संगीत, साहित्य और भावनाओं का खूबसूरत संगम प्रस्तुत करता ‘सुकून’ जल्द ही श्रोताओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाने के लिए तैयार है। संगीत प्रेमियों को इस एल्बम का बेसब्री से इंतजार है।
0 टिप्पणियाँ