-->

श्मशान घाट का मुख्य रास्ता बंद होने से छपरौला वासियों में रोष, SDM को सौंपा ज्ञापन

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।

दादरी। छपरौला ग्रामवासियों ने छपरौला-दादरी मुख्य मार्ग पर वाल्मीकि गली के सामने बंद किए गए मुख्य कट को जनहित में पुनः खुलवाने की मांग को लेकर एसडीएम दादरी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि यह कट केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि गांव के श्मशान घाट तक पहुंचने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

छपरौला ग्राम विकास समिति की ओर से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कट को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसके बंद रहने से अंतिम संस्कार के दौरान परिवारजनों और ग्रामीणों को लंबा एवं असुविधाजनक रास्ता तय करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के दैनिक आवागमन के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। कट बंद होने से लोगों को अनावश्यक चक्कर लगाना पड़ रहा है तथा मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव और जाम की स्थिति भी बढ़ रही है।

ज्ञापन में स्थलीय निरीक्षण कराकर वाल्मीकि गली के सामने स्थित मुख्य कट को पुनः खुलवाने तथा संबंधित यातायात पुलिस एवं विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई।

ज्ञापन देने वालों में सुमित त्यागी (हन्नी), बबलू त्यागी, दिनाकर त्यागी, सुधांशु त्यागी, प्रेमराज त्यागी, शोभित त्यागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ