-->

पार्षद छाया त्यागी ने नगर आयुक्त का जताया आभार, छह दिन में सीवर समस्या का हुआ समाधान।

राजेंद्र चौधरी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।पार्षद छाया त्यागी फोटो
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद के वार्ड-11 की पार्षद छाया त्यागी ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने वार्ड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवर एवं जल निकासी की समस्या का त्वरित समाधान कराने के लिए नगर आयुक्त की सराहना की है।

पार्षद छाया त्यागी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि उनके वार्ड में सीवर जाम और जलभराव की समस्या से स्थानीय नागरिक काफी समय से परेशान थे। नगर आयुक्त के संज्ञान में मामला लाने के बाद मात्र छह दिनों के भीतर संबंधित विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया। इससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के निर्देशों पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता से कार्य करते हुए लगभग 99 प्रतिशत समस्या का समाधान कर दिया है, जिससे लोगों को अब जलभराव और सीवर की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

पार्षद ने अपने धन्यवाद संदेश में नगर आयुक्त की कार्यशैली, संवेदनशीलता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा करते हुए कहा कि समयबद्ध कार्रवाई से जनता का नगर निगम पर विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण होता रहेगा, जिससे शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ