गाजियाबाद। शहर को अधिक हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में गाजियाबाद नगर निगम 12 जुलाई को वृहद पौधारोपण अभियान चलाने जा रहा है। इस अभियान के तहत पूरे शहर के 100 वार्डों, लगभग 1400 पार्कों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर 1 लाख 40 हजार पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ विजयनगर से वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में होगा।
नगर निगम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस संबंध में उद्यान विभाग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ प्रभारी उद्यान नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज तथा हेड माली सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न जोनों और वार्डों की जिम्मेदारियां तय करते हुए पौधारोपण की विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई। सभी निर्धारित स्थलों पर गड्ढे खोदने का कार्य पूरा कर लिया गया है।
डॉ. अनुज ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप इस वर्ष नगर निगम 1 लाख 40 हजार पौधे लगाएगा। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव सप्ताह के दौरान विजयनगर क्षेत्र में अब तक लगभग 40 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। पौधारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड और तार फेंसिंग भी कराई जाएगी ताकि पौधे सुरक्षित रहकर वृक्ष का रूप ले सकें।
अभियान को सफल बनाने के लिए 800 मालियों के साथ 30 विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम अपने-अपने क्षेत्र में पौधारोपण कराएगी। साथ ही लगाए गए प्रत्येक पौधे का हरितिमा अमृत वन ऐप पर जियो-टैग फोटो सहित पूरा विवरण अपलोड किया जाएगा, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से इस हरित अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी सभी नागरिकों को निभानी होगी। उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही गाजियाबाद को स्वच्छ, हरित और बेहतर वायु गुणवत्ता वाला शहर बनाया जा सकता है।
0 टिप्पणियाँ