जितेन्द्र सैन संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।
गाजियाबाद। विजय नगर क्षेत्र के हजारों परिवारों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली, जब महापौर सुनीता दयाल ने शहर विधायक संजीव शर्मा एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के साथ गंगाजल आपूर्ति योजना का विधिवत शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 10 वार्डों में नियमित गंगाजल की आपूर्ति प्रारंभ हो गई है।
विजय नगर लंबे समय से पेयजल संकट का सामना कर रहा था। क्षेत्रवासियों की इस प्रमुख समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 16.20 करोड़ रुपये की लागत से गंगाजल आपूर्ति परियोजना को पूरा किया। योजना के शुभारंभ के अवसर पर महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक क्षेत्र तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है और यह परियोजना उसी संकल्प का परिणाम है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि आधुनिक जल आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से क्षेत्र में सुचारु और नियमित गंगाजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। योजना के अंतर्गत ओल्ड विजय नगर, न्यू विजय नगर, चरण सिंह कॉलोनी, अंबेडकर नगर, माधोपुर सुंदरपुरी, मिर्जापुर, प्रताप विहार, शिवपुरी सहित 10 वार्डों में गंगाजल पहुंचना शुरू हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने इस पहल को विजय नगर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए महापौर सुनीता दयाल और नगर निगम की टीम का आभार व्यक्त किया। गंगाजल आपूर्ति शुरू होने से वर्षों पुरानी जल समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद मजबूत हुई है।
0 टिप्पणियाँ