-->

परशुराम जन्मोत्सव में उमड़ी भीड़ से अमरपाल शर्मा ने दिखाया दम, पश्चिम यूपी में ब्राह्मण राजनीति गरमाई

ताहिर अली संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गाजियाबाद।
गाजियाबाद। साहिबाबाद के पूर्व विधायक पंडित अमरपाल शर्मा ने भगवान परशुराम जन्मोत्सव के बहाने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया। मिशन 2027 की तैयारी में जुटे अमरपाल शर्मा ने इस आयोजन के जरिए न केवल ब्राह्मण समाज को एकजुट करने का संदेश दिया, बल्कि समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति के भी संकेत दिए। कार्यक्रम में गाजियाबाद समेत सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर से हजारों लोग पहुंचे।
मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे भी भीड़ देखकर गदगद नजर आए और उन्होंने आयोजन की जमकर सराहना की। वहीं बलिया सांसद सनातन पांडे ने समाजवादी पार्टी को सामाजिक भाईचारे की पार्टी बताते हुए ब्राह्मण समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज के सम्मान और सुरक्षा के लिए वह हर संघर्ष को तैयार हैं। उन्होंने समाज से एकजुट होकर ताकत देने की अपील की। कार्यक्रम में यूजीसी मुद्दे और ब्राह्मण युवकों के कथित एनकाउंटर को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नाराजगी भी खुलकर दिखाई दी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अमरपाल शर्मा अब केवल साहिबाबाद तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि पश्चिम यूपी में सपा का बड़ा ब्राह्मण चेहरा बनने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में माता प्रसाद पांडे और सनातन पांडे को फरसा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ