गाजियाबाद। कनावनी गांव की झुग्गियों में भीषण आग लगने से कई परिवार बेघर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शनिवार सुबह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हाल-चाल जाना। उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी, वर्तमान जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। कांग्रेस की ओर से तत्काल राहत के रूप में राशन सामग्री, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान वितरित किए गए, जिससे पीड़ितों को प्रारंभिक राहत मिल सके।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहती है और कनावनी के प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी पीड़ितों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और उनके लिए पक्के आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने भी आग की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने पर जोर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि पार्टी पीड़ित परिवारों के पुनर्वास तक निरंतर उनके साथ खड़ी रहेगी और हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
0 टिप्पणियाँ