मुरादनगर। समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए रामा अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा रविवार को मुरादनगर स्थित मदरसा दारूल उलूम सादिया, चौड़ा खड़ंजा ईदगाह कॉलोनी में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कांग्रेस नेता महताब पठान के नेतृत्व में लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर में रामा अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयों का वितरण भी किया गया। डॉक्टरों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारियों से बचाव के बारे में भी जागरूक किया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता महताब पठान ने रामा अस्पताल के डॉक्टरों और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने भाग लिया और रामा अस्पताल की इस पहल की सराहना करते हुए डॉक्टरों को धन्यवाद दिया। अंत में महताब पठान, सचिव उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस, ने सभी सहयोगियों और डॉक्टरों का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।
0 टिप्पणियाँ