-->

बोड़ाकी मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब प्रोजेक्ट: किसानों और प्रशासन की सफल वार्ता

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गोतमबुद्ध नगर।

ग्रेटर नोएडा, 30 सितंबर 2025।
बोड़ाकी गांव समेत आसपास के किसानों और प्रशासन के बीच आज मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एम.एम.टी.एच.) प्रोजेक्ट को लेकर जिलाधिकारी महोदया मेधा रूपम जी से महत्वपूर्ण वार्ता हुई। यह वार्ता सकारात्मक माहौल में सम्पन्न हुई और किसानों की प्रमुख चिंताओं पर सहमति बनी।

बोड़ाकी निवासी एडवोकेट बलराज भाटी ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी महोदया ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बोड़ाकी एवं अन्य प्रभावित गांवों का सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट सर्वे कराया जाएगा। इसके साथ ही पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन के लिए प्रशासक नियुक्त कर विशेष समिति बनाई जाएगी, जो सिफ्टिंग पॉलिसी तैयार करेगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सिफ्टिंग हेतु भूमि चिन्हित कर उसे विकसित किया जाएगा, जिससे किसानों को सुविधाजनक स्थान पर पुनर्वास मिल सके।

किसानों के आग्रह पर प्रशासन ने यह भी सहमति दी कि बोड़ाकी के किसानों को उनके ही गांव के पास बसाया जाएगा, ताकि वे एम.एम.टी.एच. प्रोजेक्ट की सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। सबसे बड़ी राहत यह दी गई कि जब तक सिफ्टिंग की भूमि पर किसानों को कब्जा नहीं मिल जाता, तब तक किसी को अपने घर से बेघर नहीं किया जाएगा। साथ ही, सिफ्टिंग प्रक्रिया पूरी होने से पहले रेलवे अर्जन की प्रक्रिया भी आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।

जिलाधिकारी महोदया ने स्पष्ट किया कि किसानों और प्रशासन के बीच संवाद निरंतर जारी रहेगा। हर 15 दिन में किसानों के प्रतिनिधियों से वार्ता की जाएगी और प्रत्येक सप्ताह प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक स्वयं जिलाधिकारी करेंगी।

वार्ता के दौरान बोड़ाकी गांव से बलराज भाटी एडवोकेट, उदयवीर प्रधान, मनोज भाटी एडवोकेट, राजवीर फौजी, राजीव एडवोकेट, अमित भाटी एडवोकेट, राहुल एडवोकेट, अरुण एडवोकेट, नित्ते भाटी, सूबे सिंह भाटी, सतवीर भाटी और रविन्द्र एडवोकेट सहित कई किसान मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ