नोएडा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सेक्टर- सलारपुर स्थित श्री रामराज पब्लिक स्कूल में 77वें गणतंत्र दिवस एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, देशभक्ति झांकियाँ और प्रतिभा सम्मान ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय समुदाय को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत धर्मगिरी महाराज ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी उपस्थित रहे। अनेक संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना एवं सरस्वती स्तुति के साथ हुआ।
विद्यालय के बच्चों ने हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा की लोक-संस्कृति, देशभक्ति और धार्मिक विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियाँ प्रस्तुत कीं, जिन्होंने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि “संस्कार, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति सशक्त भारत की आधारशिला हैं।” उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और संविधान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महंत आदित्य कृष्ण गिरी, महंत चंद्रशेखर गिरी, महंत चैतन्य गिरी एवं महंत जय भारती सहित संत-महात्माओं ने बच्चों को जीवन मूल्यों व सनातन संस्कृति पर संदेश दिए। इस दौरान सभी अतिथियों को भगवा पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्रों को शील्ड प्रदान की गई, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। संस्थापक मनोज त्यागी एवं मैनेजिंग डायरेक्टर सीमा त्यागी ने अतिथियों का शॉल, पुष्पमालाएं एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में सुभाष चौधरी, डॉ. कपिल भाटी, सुंदर चंदेल, रवि प्रधान, रिकी प्रधान, संजय फौजी, चरण सिंह भाटी, सिंहराज गुर्जर, कृष्ण भाटी, गजेंद्र रेक्सवाल, विकल मावी, अजय गुर्जर, पार्थ गुर्जर, राजेश मिश्रा, अमित त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ