-->

दिल्ली में धूमधाम से मनाई गई सम्राट मिहिर भोज जयंती, गुर्जर समाज ने लिया गौरव बचाने का संकल्प

रामानंद तिवारी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स दिल्ली।

नई दिल्ली/कोटला। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह की अध्यक्षता में 26 अगस्त 2025 को गुर्जर भवन, कोटला दिल्ली में गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज जयंती भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया तथा सम्राट मिहिर भोज की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर लड्डू प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने सम्राट मिहिर भोज की शौर्यगाथा का विस्तार से वर्णन किया। अखिल भारतीय गुर्जर महासभा गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि “महापुरुष किसी जाति या बिरादरी तक सीमित नहीं होते, वे पूरे समाज और राष्ट्र की धरोहर होते हैं।” उन्होंने बताया कि मिहिर भोज 9वीं सदी के महान सम्राट थे, जिन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों को हराकर भारत की संस्कृति और अस्मिता की रक्षा की।

इतिहासकारों के अनुसार, सम्राट मिहिर भोज का साम्राज्य कश्मीर से गुजरात और बंगाल से अरब सागर तक फैला था। उन्होंने न केवल आक्रमणकारियों को परास्त किया, बल्कि कला, संस्कृति और धर्मों का संरक्षण कर प्रजा को समृद्धि और सुरक्षा प्रदान की। अरब ग्रंथों तक में उन्हें महान हिंदू सम्राट के रूप में उल्लेखित किया गया है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस जयंती को भारतीय एकता का पर्व बताते हुए कहा कि 36 बिरादरियां मिलकर इसे मनाएं और बच्चों व युवाओं को इतिहास से परिचित कराएं। “सम्राट मिहिर भोज का गौरव पूरी दुनिया तक पहुंचाना हम सबका कर्तव्य है” — यह संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर हरिश्चंद्र भाटी, राजपाल सिंह कसाना, दिनेश गुर्जर, सुभाष चौधरी, गजेंद्र रेक्सवाल, विपिन प्रधान, पवन नागर, संजय भाटी, रवि अवाना, विकल मावी, ज्ञानचंद कसाना, नरेंद्र कसाना, शिवकुमार प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्साह और एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ