विशेषज्ञ डॉ. मोहित खरवार (PT) ने लोगों को दी सलाह।
कमर दर्द आजकल एक आम समस्या बन गई है। लंबे समय तक बैठने, गलत तरीके से वजन उठाने और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण यह परेशानी बढ़ सकती है। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहित खरवार (PT) ने कमर दर्द से बचने और इसे बढ़ने से रोकने के लिए लोगों को कुछ महत्वपूर्ण सावधानियां बरतने की सलाह दी है। डॉ. खरवार के अनुसार, लोगों को भारी वजन उठाने से बचना चाहिए। यदि वजन उठाना जरूरी हो, तो कमर झुकाने के बजाय घुटनों को मोड़कर वजन उठाना चाहिए। लंबे समय तक एक ही जगह बैठने या खड़े रहने से भी बचना चाहिए। बैठते समय कमर को उचित सहारा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अचानक झुकने या मुड़ने से कमर पर दबाव पड़ सकता है। इसलिए ऐसे काम या व्यायाम नहीं करने चाहिए, जिनसे दर्द बढ़ता हो। हालांकि, बहुत देर तक बिस्तर पर पड़े रहना भी उचित नहीं है। मरीज अपनी क्षमता के अनुसार हल्का-फुल्का चलते-फिरते रहें। सोते समय आरामदायक स्थिति अपनाने की सलाह दी गई है।
यदि कमर का दर्द पैर तक पहुंच रहा हो, सुन्नपन या कमजोरी महसूस हो रही हो, तो तुरंत डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। लगातार बढ़ते दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इन लक्षणों में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें यदि पेशाब या मल पर नियंत्रण में परेशानी हो, पैरों में अचानक अधिक कमजोरी या सुन्नपन महसूस हो, अथवा दर्द बहुत तेज हो जाए, तो बिना देरी किए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
0 टिप्पणियाँ