कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा। फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूएज़ ग्रेटर नोएडा के पदाधिकारियों और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच शनिवार को प्राधिकरण भवन के चतुर्थ तल स्थित बैठक कक्ष में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। बैठक में बरसात के मौसम को देखते हुए नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
फेडरेशन ने अधिकारियों के समक्ष वर्षा के दौरान जलभराव रोकने के लिए सभी नालों की समयबद्ध सफाई कराने, मच्छरों और लार्वा की रोकथाम हेतु नियमित दवा का छिड़काव कराने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने तथा जर्जर बिजली के खंभों को बदलने की मांग उठाई। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से बिजली की ओवरहेड केबलों को चरणबद्ध तरीके से अंडरग्राउंड करने का सुझाव भी दिया गया।
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि प्राधिकरण द्वारा लगाए गए दिशा-सूचक बोर्डों पर अवैध रूप से पोस्टर और स्टीकर लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उद्यान विभाग से पार्कों की बदहाल स्थिति, टूटी हुई बाउंड्री वॉल और रखरखाव में सुधार करने की मांग भी की गई।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने सभी सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए तथा आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर एडवोकेट, महासचिव रिशिपाल भाटी, पी-3 के अध्यक्ष अमित भाटी, उपाध्यक्ष आलोक नागर तथा सेक्टर-3 के सचिव सुधीर चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का माहौल सकारात्मक रहा और शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर सहमति बनी।
0 टिप्पणियाँ