दुजाना (बिसरख)। कार्यक्रम के आयोजक सत्य नागर ने बताया कि मंगलवार, 07 जुलाई 2026 को विकासखंड बिसरख के ग्राम दुजाना स्थित श्री गांधी इंटर कॉलेज में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से माय भारत (MY Bharat) अभियान पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल, इसके उद्देश्यों तथा युवाओं के लिए उपलब्ध स्वयंसेवा एवं विकास के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को बताया गया कि माय भारत के माध्यम से देशभर के युवा सामाजिक, शैक्षिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों एवं स्वयंसेवक के रूप में जुड़ने की संपूर्ण ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल एवं विस्तारपूर्वक समझाया गया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया।
इस अवसर पर श्री गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील नागर ने युवाओं से ऐसे जनहितकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवक सत्या आर्य, संकेत नागर तथा विद्यालय के अन्य अध्यापक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रहित में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
0 टिप्पणियाँ