मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक हिन्दी फ्यूचर लाईन टाइम्स समाचार पत्र गौतम बुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया। यह अभियान प्रदेश सरकार के उस लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उद्यान विभाग द्वारा प्राधिकरण क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया एवं राजेश कुमार ने सेक्टर-22 ई की 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक परियोजना राजेन्द्र सिंह भाटी, सहायक निदेशक उद्यान डॉ. आरती सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान की विशेषता यह रही कि रौनिजा ग्राम के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया। बच्चों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। प्रत्येक बच्चे को एक पौधा देकर उसकी नियमित देखरेख करने का संकल्प भी दिलाया गया।
यमुना प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगभग 77,007 पौधों का रोपण किया गया। इनमें नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन, पिलखन जैसी देशी एवं पर्यावरण के लिए लाभकारी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। यह पहल केवल हरित क्षेत्र बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। यमुना प्राधिकरण का यह प्रयास जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
0 टिप्पणियाँ