-->

एसीईओ राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यमुना प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 250 करोड़ की भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईँ टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।

ग्रेटर नोएडा। यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा प्रवर्तन अभियान चलाकर एक बार फिर सख्त संदेश दिया। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्राम चपरगढ़ की 60 मीटर ग्रीन बेल्ट पर हुए अवैध कब्जे को हटाते हुए लगभग 50,000 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 250 करोड़ रुपये है।

एसीईओ राजेश कुमार सिंह ने पूरे अभियान की स्वयं निगरानी की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनके नेतृत्व में कार्रवाई तेज, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुई, जिससे भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया।

प्राधिकरण ने बताया कि यह भूमि पहले से अर्जित एवं कब्जा प्राप्त थी, जिस पर कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा था। अभियान के दौरान सभी अवैध कब्जे हटाकर भूमि को पुनः प्राधिकरण के कब्जे में ले लिया गया।

इस कार्रवाई में उप जिलाधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, हरी प्रताप सिंह और शिव अवतार सिंह के साथ प्राधिकरण के प्रोजेक्ट, भूलेख एवं प्रवर्तन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी एवं भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।

यमुना प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशों के अनुरूप अवैध कब्जों, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। एसीईओ राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चल रहा यह सख्त प्रवर्तन अभियान नियोजित विकास और सरकारी भूमि की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ