नोएडा। गांव हरौला में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और नशे के कारोबार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। गांव में आयोजित पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाहरी क्षेत्रों से आकर गांव का माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार कल्याणपुरी, त्रिलोकपुरी, सेक्टर-4, सेक्टर-8, सेक्टर-9, सेक्टर-16 सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले कुछ नशेड़ी गांव में विभिन्न प्रकार के नशे का सेवन करते हैं और आए दिन चोरी, लूटपाट, चाकूबाजी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र की शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
पंचायत में मौजूद गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने ऐसे तत्वों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि गांव में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से भी मांग की कि गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
ग्रामवासियों का कहना है कि हरौला की सामाजिक एकता और शांति को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। पंचायत के बाद शुरू हुए इस अभियान को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। लोगों का मानना है कि सामूहिक प्रयास और प्रशासन के सहयोग से गांव को नशामुक्त एवं अपराधमुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जा सकती है।
0 टिप्पणियाँ