-->

राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर वैदपुरा में उमड़ा जनसैलाब,किसानों और युवाओं के प्रेरणास्रोत थे पायलट साहब। अशोक भाटी

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक हिंदी फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतम बुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा, 11 जून। किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग की बुलंद आवाज रहे देश के लोकप्रिय जननेता स्वर्गीय राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को उनके पैतृक गांव वैदपुरा स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्व. पायलट को श्रद्धासुमन अर्पित किए। भारतीय किसान यूनियन एवं अखिल भारतीय गुर्जर महासभा गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए अशोक भाटी ने कहा कि स्व. राजेश पायलट केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय, जनसेवा और किसानों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि पायलट साहब का यह संदेश आज भी देश के लिए मार्गदर्शक है कि “जब तक गरीब किसान और मजदूरों के बच्चे पढ़-लिखकर उन कुर्सियों पर नहीं बैठेंगे, जो देश की नीतियों को क्रियान्वित करती हैं, तब तक देश की तरक्की संभव नहीं है।”
अशोक भाटी ने कहा कि स्व. पायलट का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलट बनने और फिर राष्ट्रीय राजनीति में जनहित की मजबूत आवाज के रूप में स्थापित होने तक का उनका सफर युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने हमेशा गांव, गरीब, किसान और नौजवान को देश की असली ताकत माना तथा उनके उत्थान को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि स्व. राजेश पायलट की विचारधारा और जनसेवा की विरासत को उनके पुत्र एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उनके प्रयासों से पायलट साहब के आदर्श नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्व. राजेश पायलट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संजय फौजी, संजय भाटी, अनिल खारी, कमलजीत खारी, सिंहराज गुर्जर, विपिन प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. राजेश पायलट का संघर्ष, सेवा, सादगी और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। :::

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ