मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्द नगर।
ग्रेटर नोएडा। दुजाना रोड पर अतिक्रमण और दुजाना गेट के पास लंबे समय से बने गहरे गड्ढे को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं ने धरना प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। धरना प्रदर्शन के आयोजक सुनील नागर एडवोकेट ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुजाना गेट पर बना गड्ढा भी लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है।
धरने के दौरान थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अतिक्रमण के खिलाफ आज से ही कार्रवाई शुरू की जाएगी। थाना प्रभारी ने इस संबंध में एनएचएआई को पत्र लिखकर सड़क की समस्या का समाधान कराने के लिए भी कहा है।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार एनएचएआई की ओर से जल्द ही दुजाना गेट के पास क्षतिग्रस्त हिस्से को टाइल लगाकर दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गड्ढे और अतिक्रमण के कारण राहगीरों, वाहन चालकों तथा आसपास के लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सुनील नागर एडवोकेट ने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग के आश्वासन का सम्मान करते हुए फिलहाल कार्रवाई का इंतजार किया जाएगा। लेकिन यदि जल्द ही अतिक्रमण हटाने और सड़क को दुरुस्त करने की कार्रवाई जमीन पर दिखाई नहीं दी, तो क्षेत्र के युवा बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ