ग्रेटर नोएडा। वर्ष 2014 में चर्चित फिल्म “गुर्जर आंदोलन” का निर्देशन कर समाज में अपनी अलग पहचान बनाने वाले निर्देशक एवं अभिनेता अरुण नागर ने अब गुर्जर आंदोलन पर आधारित एक भव्य वेब सीरीज़ बनाने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस वेब सीरीज़ के माध्यम से आंदोलन के इतिहास, शहीदों के बलिदान, संघर्ष और समाज के योगदान को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।
अरुण नागर ने कहा कि सीमित अवधि की फिल्मों में आंदोलन के हर पहलू को दिखाना संभव नहीं होता, जबकि वेब सीरीज़ के माध्यम से प्रत्येक शहीद, परिवार और कार्यकर्ता की भूमिका को सम्मानपूर्वक दर्शाया जा सकेगा। उन्होंने गुर्जर आंदोलन के प्रमुख नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान के बिना आंदोलन का इतिहास अधूरा है।
उन्होंने अपनी पूर्व फिल्म के सह-निर्माता एवं अभिनेता महावीर सिंह फौजी का भी विशेष उल्लेख किया और बताया कि आगामी वेब सीरीज़ में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। अरुण नागर ने कहा कि यह परियोजना केवल बड़े नेताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आंदोलन से जुड़े हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता के योगदान को भी स्थान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम आंदोलनकारियों, शहीद परिवारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रत्यक्षदर्शियों से संपर्क कर रही है, ताकि तथ्यों और अनुभवों को प्रमाणिक रूप से प्रस्तुत किया जा सके। समाज के लोगों से उन्होंने दस्तावेज़, तस्वीरें, वीडियो और अन्य ऐतिहासिक सामग्री साझा करने की अपील की।
अरुण नागर ने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग और मार्गदर्शन से यह वेब सीरीज़ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज़ सिद्ध होगी तथा गुर्जर समाज के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
0 टिप्पणियाँ