मनोज तोमर, ब्यूरो के राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतम बुध नगर। ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने सीईओ राकेश कुमार सिंह को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उद्योग जगत की ओर से सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल ने यीडा क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों, निवेशकों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण तथा उद्योग हितैषी प्रशासनिक कार्यशैली की सराहना की।
आईबीए की ओर से उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में औद्योगिक अवसंरचना को मजबूत बनाने, सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार, उद्योग स्थापना प्रक्रियाओं को सरल बनाने, कम्प्लीशन एवं फंक्शनल प्रमाणन में सुगमता, सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने, ट्रांसफर नीति एवं लीज रेंट में व्यावहारिक सुधार, एमएसएमई उद्यमियों के लिए भूखंड योजनाएं तथा कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर विकसित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
सीईओ राकेश कुमार सिंह ने उद्यमियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के सबसे संभावनाशील औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल है और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे नेटवर्क तथा बेहतर कनेक्टिविटी इसे निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक बनाती है।
उन्होंने उद्यमियों से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य, उद्योग स्थापना और उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए आश्वस्त किया कि उद्योगों के समक्ष आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में नरेश चौहान, राजेश खन्ना, बिमलेश कुमार, दक्ष शर्मा, चरणजीत सिंह, धर्मेंद्र सिंह एवं पुष्पेंद्र कुमार सहित कई उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ