-->

मयूर विहार पुलिस की बड़ी सफलता: 15 मिनट में स्नैचर गिरफ्तार, छीना गया आईफोन व चोरी के मोबाइल बरामद

कमल प्रजापति संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस के थाना मयूर विहार ने झपटमारी की एक वारदात का महज 15 मिनट में खुलासा करते हुए एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से छीना गया एप्पल आईफोन-14, अन्य चोरी के मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को दोपहर लगभग 1:45 बजे मयूर विहार फेज-1 निवासी 19 वर्षीय साक्षी अमी चंद चौक से श्रीराम मंदिर मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक उनका नीले रंग का एप्पल आईफोन-14 झपटकर फरार हो गया। पीड़िता के शोर मचाने पर क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हो गए।
थाना मयूर विहार के एचसी नरेंद्र ने आरोपी का पीछा शुरू किया और कुछ ही मिनटों में एचसी विपिन गिरी तथा एचसी विचित्रे की सहायता से प्रेमचंद स्कूल के निकट आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया आईफोन बरामद हुआ, जिसकी पहचान पीड़िता ने मौके पर ही कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया, लेकिन डोजियर सेंटर, NAFEES एवं SCRB पोर्टल की सहायता से उसकी पहचान विवेक चौहान के रूप में हुई। जांच में पता चला कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या DL3S-EN-7762 भी जब्त कर ली है।
यह सफलता एसआई पंकज फोगाट, महिला एसआई प्राची, एचसी उपेंद्र, एचसी विपिन गिरी, एचसी नरेंद्र, एचसी विचित्रे, कांस्टेबल सुभाष, सुमित, अशोक मौर्य, हरिओम एवं ऑपरेटर सूरज की समर्पित टीम द्वारा निरीक्षक प्रमोद कुमार (एसएचओ) के पर्यवेक्षण तथा एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में प्राप्त की गई। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ