जेवर, 09 मई 2026। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर जेवर स्थित शगुन वाटिका में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल किसी एक समाज के नायक नहीं, बल्कि पूरे भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी का संघर्ष केवल युद्ध नहीं था, बल्कि राष्ट्र गौरव और आत्मसम्मान की रक्षा का संकल्प था। उस संघर्ष में भील समाज, राजपूत, गुर्जर, मीणा, जैन समाज सहित अनेक समुदायों ने एकजुट होकर राष्ट्र और धर्म की रक्षा की थी।
उन्होंने राणा पूंजा, हकीम खान सूर और भामाशाह जैसे महान व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की अमिट मिसाल हैं। विधायक ने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। कार्यक्रम का समापन महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि एवं राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ हुआ।
0 टिप्पणियाँ