-->

न्यू अशोक नगर में भक्ति की बही सरिता, भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ

कमल प्रजापति संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतम पूर्वी दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली। न्यू अशोक नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर में श्री लोकेश कुमार मिश्रा के संयोजन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ रविवार, 17 मई 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक किया गया। कलश यात्रा में क्षेत्र की महिलाओं, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
प्रातः 8 बजे मंदिर परिसर से प्रारम्भ हुई कलश यात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ वातावरण को धर्ममय बना दिया।
कथा का आयोजन 17 मई से 23 मई 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 7 बजे तक किया जा रहा है। कथा व्यास अयोध्या धाम से पधारे पूज्य श्री रविन्द्र शास्त्री जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराते हुए धर्म, भक्ति एवं मानव कल्याण का संदेश दे रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता के रूप में श्री संजीव कुमार सिंह, चेयरमैन (लाइसेंसिंग एवं तह बाज़ारी) एवं निगम पार्षद वार्ड नं. 190, दिल्ली नगर निगम उपस्थित रहे। पूर्व निगम पार्षद निक्की सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में वार्ड 190 न्यू अशोक नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजनकर्ता लोकेश कुमार मिश्रा ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ