कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाईम्स नोएडा।
संस्कार और समरसता से ही भारत बनेगा विश्वगुरु : कृपाशंकर जी
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित एविअर एजुकेशनल हब में नेह नीड़ फाउंडेशन द्वारा आयोजित मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, संस्कार और सेवा भाव का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर जी मुख्य अतिथि तथा मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक आनंद जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नेह नीड़ फाउंडेशन के संस्थापक कन्हैया जी ने बताया कि संस्था पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 10 महानगरों की 76 वंचित बस्तियों के 140 बच्चों को नि:शुल्क आवास, भोजन, शिक्षा और संस्कार प्रदान कर रही है। ग्रीष्मावकाश से पूर्व बच्चों ने अपने माता-पिता का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक भावुक हो उठे।
मुख्य अतिथि कृपाशंकर जी ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार देना सबसे बड़ा कार्य है और नेह नीड़ फाउंडेशन समाज में एक दीप से दूसरा दीप जलाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वंचित बच्चों को शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन से जोड़ना ही भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विशिष्ट अतिथि आनंद जी ने कहा कि सेवा, करुणा और परमार्थ भारतीय संस्कृति की पहचान हैं तथा जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है। कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया।
0 टिप्पणियाँ