-->

ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर भड़के किसान, भाकियू ने डीसीपी ट्रैफिक को सौंपा ज्ञापन

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स नौएडा।

नोएडा, 18 मई 2026। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में सोमवार को पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक अभय मिश्रा के साथ ट्रैफिक समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसानों और ग्रामीणों के उत्पीड़न, अवैध उगाही तथा रोड कट बंद होने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

अशोक भाटी ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस गांवों के बाहर खड़े वाहनों को अवैध पार्किंग बताकर चालान काट रही है तथा वाहन छोड़ने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर एवं किसान यंत्रों को रोककर चालान और सीज करने की धमकी देकर किसानों से उगाही की जा रही है।

बैठक में सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास सैमसंग कट, मेट्रो स्टेशन-101, बरौला हनुमान मंदिर तथा एनईपीजेड चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा कथित अवैध उगाही का मुद्दा भी उठाया गया। भाकियू नेताओं ने कहा कि रॉन्ग साइड के नाम पर ग्रामीणों और युवाओं को डराकर पैसे वसूले जा रहे हैं।

इस पर अभय मिश्रा ने सभी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी शिकायतें सीधे उनके संज्ञान में लाई जाएं।

बैठक में ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, दादरी जिला अध्यक्ष मनोज मावी, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप भाटी, जिला उपाध्यक्ष अनिल खारी, सिंह राज गुर्जर, सचिन अवाना, गजेंद्र रेक्सवाल, कृष्ण भाटी, कमलजीत खारी, शैलेश बेसोया, तरुण बेसोया एवं सोनू यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ