नई दिल्ली। यूनाइटेड नेशन वेलफेयर फाउंडेशन (यूएनडब्ल्यूएफ) द्वारा पंजाबी अकादमी एवं उर्दू अकादमी, कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग, दिल्ली सरकार के सहयोग से आयोजित “पंजाबी सांस्कृतिक सम्मेलन 2026” का भव्य आयोजन आईजीएनसीए के समवेत ऑडिटोरियम, जनपथ में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पंजाबी लोक संस्कृति, सूफी संगीत और सामाजिक एकता की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर गुरुजी जय नारायण ने बिना शंख के मुख से शंखनाद की दिव्य ध्वनि प्रस्तुत कर पूरे सभागार को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में विधायक कृष्णा नगर एवं अध्यक्ष दिल्ली होम्योपैथिक बोर्ड डॉ. अनिल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्कृति पूरे देश की शान है और ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
यूएनडब्ल्यूएफ की अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. प्रियंका अरोड़ा की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की भी अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम में अतिरिक्त सचिव कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग श्री लेखराज को यूएनडब्ल्यूएफ का संरक्षक घोषित किया गया, जिसका उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी लोक गीत, गिद्धा नृत्य और प्रसिद्ध साबरी ब्रदर्स के सूफियाना संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में समाजसेवी, शिक्षाविद, कलाकार और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर पंजाब की समृद्ध विरासत का उत्सव मनाया।
अंत में डॉ. प्रियंका अरोड़ा ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूएनडब्ल्यूएफ भविष्य में भी संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक सेवा के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य करता रहेगा।
0 टिप्पणियाँ