-->

दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, विवाह के 14 माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति व ससुर गिरफ्तार

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नौएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव कूड़ी खेड़ा निवासी संजय नागर की पुत्री दीपिका नागर की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा निवासी रितिक, पुत्र मनोज प्रधान के साथ बड़े धूमधाम और सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। परिजनों के अनुसार विवाह में लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि दीपिका पर फॉरच्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये लाने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता था। आरोप है कि बीती रात दीपिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग मौके पर पहुंच गए तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति रितिक और उसके पिता मनोज प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ रही दहेज प्रथा और बेटियों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ