गाजियाबाद। गाजियाबाद में पानी की गंभीर समस्या को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष पवन सक्सेना के नेतृत्व में मंगलवार, 28 अप्रैल 2026 को नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रवासियों की परेशानियों को उठाया गया।
पवन सक्सेना ने बताया कि मीठे पानी की आपूर्ति को लेकर आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोग लगातार शिकायत कर रहे हैं। नगर निगम जल बोर्ड द्वारा सप्लाई किया जा रहा पानी अक्सर गंदा और अस्वच्छ मिल रहा है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें सामने आया कि करहैड़ा गाँव में मीठे पानी की मुख्य पाइपलाइन कई जगहों से टूटी हुई है।
छठ घाट और नाग द्वार के पास स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां स्थानीय लोगों के अनुसार पाइपलाइन एक वर्ष से अधिक समय से क्षतिग्रस्त है और हजारों क्यूसेक पानी नालियों में बहकर बर्बाद हो चुका है। बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम के अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से नगर आयुक्त से मांग की गई कि जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को साफ पानी मिल सके और पानी की बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
0 टिप्पणियाँ