-->

नोएडा में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श गोष्ठी आयोजित

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाईन टाइम्स नोएडा।
गौतमबुद्ध नगर। जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा स्थित विद्युत विभाग (मुख्य अभियंता कार्यालय) द्वारा आयोजित “विचार-विमर्श गोष्ठी” में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण बैठक में नोएडा क्षेत्र में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं सतत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बढ़ती गर्मी के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, विद्युत लाइनों के रखरखाव, त्वरित शिकायत निस्तारण प्रणाली को प्रभावी बनाने तथा भविष्य की बढ़ती मांगों के अनुरूप ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अमित चौधरी ने स्पष्ट एवं प्रभावी सुझाव देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।
इस अवसर पर एमएलसी श्रीचंद शर्मा तथा नोएडा भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को और अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं जनहितकारी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ