-->

ग्राम बरौला में प्रतिभाओं का भव्य सम्मान समारोह, पीसीएस चयनित बेटियों सहित कई प्रतिभाएं सम्मानित

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नोएडा।
नोएडा। युवा विकास समिति बरौला की ओर से रागिनी पार्क बारात घर, बरौला में गांव और क्षेत्र की प्रतिभाओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रतिभाओं का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय लोक गायक मास्टर ब्रह्मपाल नागर और इनकम टैक्स अधिकारी अरुण शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां समाज के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देती हैं।
हाल ही में गांव बरौला की बेटी मानसी बैसोया, तथा डेरी मच्छा गांव की बेटियां निधि नागर और नेहा नागर का पीसीएस में चयन हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इसके अलावा बरौला के नरेंद्र सिंह को इंस्पेक्टर से डीएसपी पद पर पदोन्नति मिलने और इंजीनियर रणबीर सिंह को साउथ जोन का प्रभारी बनाए जाने पर भी उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समाजसेवी और किसान नेता चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि इन प्रतिभाओं की सफलता गांव के बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प यह संदेश देता है कि निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
युवा विकास समिति बरौला के अध्यक्ष कर्मवीर गुर्जर और उनकी टीम ने सभी प्रतिभाओं को फूलमालाएं पहनाकर, पगड़ी बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मास्टर खेमचंद शास्त्री, चौधरी लीले सिंह, प्रधान सतपाल नागर, मनवीर नागर, मास्टर हंसराज कसाना, जयवीर सिंह, ऋषि चौहान, सुदेश ठेकेदार, हरि फौजी, गंगेश्वर दत्त शर्मा, छात्र नेता सचिन बैसला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ