-->

कार रोककर लोहे की रॉड से हमला, युवक गंभीर रूप से घायल

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा/पूर्वी दिल्ली । पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 निवासी नरेश कुमार पर अज्ञात हमलावरों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब नरेश कुमार अपने एक साथी के साथ ETA-II क्षेत्र में HP पेट्रोल पंप के पास निरीक्षण के लिए गए थे।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी जेतपुर गोल चक्कर और भट्टा गोल चक्कर के बीच पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि कार से उतरे कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से नरेश कुमार और उनके साथी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों के साथ मारपीट की और उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की।
हमले में नरेश कुमार के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के दौरान हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित नरेश कुमार ने आशंका जताई है कि यह हमला Domino’s के एक कर्मचारी द्वारा करवाया गया हो सकता है, जिसका नाम आकाश बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त कर्मचारी को पहले नौकरी से निकाला गया था और हाल ही में उसकी ड्यूटी को लेकर विवाद भी चल रहा था।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ