अंबेडकरनगर। भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में नगर पालिका अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने सराहनीय पहल की है। 15वें वित्त आयोग योजना के अंतर्गत करीब 15 लाख रुपये की लागत से तीन आरओ वाटर कूलर स्थापित कराए गए, जिनका लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा किया गया।
बताया गया कि यह पहल प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास मॉडल से प्रेरित है। ओमकार गुप्ता की इस पहल को क्षेत्र में सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के विकास मार्ग पर चलते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र में किछौछा पहला मोड़ (दुर्गा मंदिर के पास), सरदार नगर और वार्ड-6 बसखारी थाना के समीप आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं। इन कूलरों से राहगीरों, स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को शुद्ध व ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे गर्मी के मौसम में लोगों को काफी राहत मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बसखारी थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभासद सुभाष निषाद, दस्तगीर अहमद, मयाराम, लालमन, प्रदीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पालिका कर्मी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने इस जनहितकारी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आरओ वाटर कूलर की व्यवस्था आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर पंचायत द्वारा ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी।
0 टिप्पणियाँ