-->

कंपोजिट विद्यालय धूम मानिकपुर में वार्षिक उत्सव एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर। दादरी। धूम मानिकपुर: कंपोजिट विद्यालय धूम मानिकपुर में 30 मार्च 2026 को “वार्षिक उत्सव एवं परीक्षा फल वितरण समारोह” हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा रानी ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन रावल, भाजपा मंडल संयोजक सुनील रावल, खंड शिक्षा अधिकारी श्री चंद्र भूषण प्रसाद, चौकी प्रभारी धूम मानिकपुर हरेंद्र सिंह, सुधीर वत्स तथा महेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय के उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम की विशेष पहल के तहत टॉपर्स छात्रों की माताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक और गौरवपूर्ण बन गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या सुषमा रानी ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनकी माताओं का त्याग और शिक्षकों का मार्गदर्शन सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने विद्यालय के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ