-->

हापुड़ असोड़ा एवं धनोरा में सामवेद पारायण महायज्ञ का भव्य एवं दिव्य आयोजन

अजय चौधरी संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स हापुड़।
हापुड़। हापुड़ जनपद के ग्राम असोड़ा एवं धनोरा में श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां सामवेद पारायण महायज्ञ का भव्य एवं दिव्य आयोजन बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ संपन्न हुआ। यह पावन आयोजन भाकियू प्रदेश अध्यक्ष (महिला) श्रीमती बबली त्यागी, धर्मपत्नी श्री सुधीर त्यागी दरोगा जी द्वारा ग्राम असोड़ा में तथा समाजसेवी विकास त्यागी द्वारा ग्राम धनोरा में आयोजित किया गया।
इस महायज्ञ में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। गौतमबुद्ध नगर भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, मनोज त्यागी, झलकेश बाबूजी, सिंहराज गुर्जर, चरण सिंह भाटी सहित कई प्रमुख लोगों ने यज्ञ में भाग लेकर वैदिक परंपरा के अनुसार आहुति अर्पित की और धर्म लाभ प्राप्त किया।

यज्ञ का संचालन विद्वान आचार्य जयवीर शास्त्री, डॉ. कृष्ण अवतार, अमित शास्त्री एवं सोहित शास्त्री द्वारा विधि-विधान एवं शुद्ध मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। पूरे वातावरण में वेद मंत्रों की गूंज से एक आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि वेदों में वर्णित यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि यह मन, आत्मा और पर्यावरण की शुद्धि का एक महान माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और संस्कारों की भावना मजबूत होती है, साथ ही नई पीढ़ी को सनातन धर्म के मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी होता है।
कार्यक्रम के दौरान भाकियू युवा मेरठ मंडल अध्यक्ष जीते चौहान, ब्रह्म सिंह त्यागी, जय भगवान त्यागी, प्रशांत त्यागी, कालीचरण त्यागी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
महायज्ञ के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया, जहां भक्तों ने श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया। इस प्रकार यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का केंद्र बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी प्रतीक बनकर उभरा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ