-->

डीएम अनुपम शुक्ला का औचक निरीक्षण, मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में मचा हड़कंप

टाण्डा (अम्बेडकरनगर), संवाददाता मसूद हक्कानी: जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को 30 शैय्या मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र हयातगंज टाण्डा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और स्टाफ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर, वार्ड, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा अन्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने यह भी संकेत दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) टाण्डा को भविष्य में इसी परिसर में शिफ्ट किया जा सकता है। इस संभावना के सामने आते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में पानी, बिजली, इंटरलॉकिंग सड़क, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र बेहतर किया जाए, ताकि आने वाले मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और खामियां मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार सहवाल, नगर पालिका के जेई आशीष कुमार तथा टाण्डा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह निरीक्षण केवल निर्देशों तक सीमित रहता है या फिर सीएचसी टाण्डा की शिफ्टिंग के रूप में कोई बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ