-->

“एक शाम शहीदों के नाम”: नोएडा में शहीद दिवस पर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नौएडा।
नोएडा, 23 मार्च 2026। शहीद दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, नोएडा द्वारा सेक्टर-37 स्थित अधीरा बैंक्विट हॉल, बोटैनिकल गार्डन में “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को संगीत और श्रद्धांजलि सभा के जरिए भावपूर्ण नमन किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, रविंद्र भगत, सुंदर बाबा, प्रमोद टाइगर, ललित सिंघल, कुलदीप गुप्ता और विनय शर्मा सहित सैकड़ों लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु ने अपने साहस, विचारों और बलिदान से भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि इन वीर क्रांतिकारियों का शौर्य और देशप्रेम युगों-युगों तक देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि इन महान सपूतों की कुर्बानियों की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। देश उनके बलिदान को कभी नहीं भुला सकता और शहीद दिवस पर पूरा राष्ट्र उन्हें श्रद्धा के साथ नमन करता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देशहित और भारत माता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आयोजित संगीत संध्या में देशभक्ति गीतों, “वंदे मातरम्” और “इंकलाब जिंदाबाद” के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ