-->

जीएसटी पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में दो दिवसीय मंथन

कर्मवीर आर्य संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतम बुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में 27–28 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसके लिए परिषद द्वारा ₹3,50,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य वस्तु एवं सेवा कर (GST) जैसे महत्वपूर्ण कर सुधार के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा करना और इसके प्रति व्यापक जागरूकता विकसित करना है। कार्यक्रम में देशभर के शिक्षाविद, शोधकर्ता, अर्थशास्त्री और नीति विशेषज्ञ भाग लेकर समकालीन आर्थिक परिप्रेक्ष्य में जीएसटी की भूमिका, चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है। संगोष्ठी के संरक्षकों में प्रो. राजीव वर्शनेय, डीन (अकादमिक); प्रो. चंदर कुमार सिंह, कुलसचिव (रजिस्ट्रार); तथा डॉ. इंदु उप्रेती, डीन (आई/सी), स्कूल ऑफ मैनेजमेंट शामिल हैं। संगोष्ठी के संयोजक डॉ. ओमबीर सिंह, विभागाध्यक्ष, अर्थशास्त्र, नियोजन एवं विकास विभाग हैं, जिनके निर्देशन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय एक अग्रणी राज्य विश्वविद्यालय के रूप में शैक्षणिक और नीतिगत विमर्शों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत रहा है। यह राष्ट्रीय संगोष्ठी जीएसटी से जुड़े अकादमिक संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ नीति-निर्माण, आर्थिक विश्लेषण और समावेशी विकास के लिए नए विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ