नोएडा, 22 मार्च 2026। सलारपुर स्थित भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने नोएडा प्राधिकरण, विद्युत विभाग और पुलिस प्रशासन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण द्वारा गांवों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। किसानों की समस्याओं के समाधान में हो रही देरी पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की गई।
विशेष रूप से सलारपुर में प्रस्तावित बारात घर का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने पर ग्रामवासियों ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि कई बार मांग और शिकायत करने के बावजूद कार्य को पूरा नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात कर सभी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो भाकियू नोएडा प्राधिकरण पर बड़ी पंचायत करने के लिए बाध्य होगी।
बैठक की अध्यक्षता संजय फौजी ने की, जबकि संचालन रविंद्र भगत द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, महानगर अध्यक्ष श्रीपाल कसाना, विपिन प्रधान, नवल प्रधान, जोगिंदर भड़ाना, सिंहराज गुर्जर, रामवीर हवलदार, संदीप अवाना, हिमांशु चपराना, अशोक डेढ़ा, मनित नागर, राकेश अवाना, भिखारी लाल गुर्जर, अनिल अवाना, सतपाल अवाना, लीलू बेसोया, संचित चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में सभी ने एकजुट होकर किसानों के अधिकारों और गांवों के विकास के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ