-->

दादरी से अखिलेश यादव का बड़ा राजनीतिक संदेश, युवा नेता कृशांत भाटी को साथ ले गए लखनऊ

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
दादरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दादरी में आयोजित समाजवादी समानता भाईचारा रैली में पहुंचकर क्षेत्र की राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दिया। मिहिर भोज कॉलेज मैदान में आयोजित इस रैली में उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति स्पष्ट की और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
रैली के बाद एक खास राजनीतिक संदेश उस समय देखने को मिला, जब अखिलेश यादव दादरी के युवा समाजवादी नेता कृशांत भाटी को अपने साथ चार्टर्ड विमान से लखनऊ ले गए। इसे पार्टी में उनके बढ़ते कद और नेतृत्व के प्रति विश्वास के रूप में देखा जा रहा है।
कृशांत भाटी लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि लखनऊ यात्रा के दौरान अखिलेश यादव के साथ आगामी चुनाव, दादरी क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस दौरान अखिलेश यादव ने किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो जिन किसानों को 64 प्रतिशत मुआवजा नहीं मिला है, उन्हें पूरा मुआवजा दिलाया जाएगा। साथ ही किसानों को 4 प्रतिशत प्लॉट देने और पंचायत चुनाव बहाल कराने का भी आश्वासन दिया।
रैली में भारी संख्या में लोगों की भागीदारी रही, जिसमें महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस उत्साह को देखकर अखिलेश यादव ने कहा कि दादरी क्षेत्र की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ