ग्रेटर नोएडा/दादरी। दादरी क्षेत्र के गांव डेरी मच्छा की दो बेटियों ने पीसीएस-2024 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। मनवीर नागर की पुत्री नेहा नागर ने 156वीं रैंक तथा निधि नागर ने 161वीं रैंक प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर (कॉमर्शियल टैक्स) के पद पर चयन प्राप्त किया है। दोनों बेटियों की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
नेहा नागर और निधि नागर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जैसे ही परिणाम की जानकारी गांव और क्षेत्र के लोगों को मिली, परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने घर पहुंचकर दोनों बेटियों को बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि नेहा और निधि की सफलता से क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
गांव के बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों ने भी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
नेहा नागर और निधि नागर सहित उनके पूरे परिवार को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।
0 टिप्पणियाँ