-->

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ, न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने किया उद्घाटन

मनोज तोमर ब्यूरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गौतमबुद्ध नगर।
गौतमबुद्धनगर, 14 मार्च 2026:-जिला न्यायालय परिसर गौतमबुद्धनगर में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत शुभारंभ मा० उच्च न्यायालय इलाहाबाद के न्यायमूर्ति एवं जनपद के प्रशासनिक न्यायाधीश अजीत कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव, प्रधान न्यायाधीश रामकेश, पीठासीन अधिकारी लारा सुनील कुमार श्रीवास्तव, वाणिज्यिक न्यायालय के पीठासीन अधिकारी जगदीश प्रसाद, वत्सल श्रीवास्तव, अपर जिला जज द्वितीय एवं विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी त्यागी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज भाटी व सचिव शोभाराम चंदेला सहित न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति अजीत कुमार ने कहा कि लोक अदालत न्यायिक व्यवस्था का प्रभावी और सुलभ माध्यम है, जिसके जरिए आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण संभव होता है। उन्होंने अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग की अपील की।
शुभारंभ के बाद न्यायमूर्ति व जनपद न्यायाधीश ने न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही परिसर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए स्वयं रक्तचाप की जांच भी कराई तथा लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस दौरान जिला न्यायालय परिसर में स्थापित ई-सेवा केंद्र/वीसी सेंटर तथा दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन में निर्मित गेट और गार्ड रूम का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ेगी।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, एडिशनल सीपी अजय कुमार, डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी, अशोक कुमार निम तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ