-->

सेक्टर-36 में शराब की दुकान पर बवाल: मंदिर, स्कूल और अस्पताल के पास आबकारी नियमों की अनदेखी, निवासियों ने बिक्री रुकवाई

मनोज तोमर ब्ययरो चीफ राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स गोतमबुद्ध नगर।
ग्रेटर नोएडा | 21 मार्च 2026
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-36 में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में शराब की दुकान खोलने का प्रयास किया गया। उद्घाटन के पहले ही दिन सेक्टर के निवासियों और आरडब्ल्यूए (RWA) के कड़े विरोध के कारण दुकान से दिनभर शराब की एक भी बोतल नहीं बिक सकी। लोगों ने मौके पर एकत्र होकर दुकान संचालन का विरोध किया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
निवासियों का आरोप है कि यह शराब की दुकान आबकारी विभाग के नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए रिहायशी क्षेत्र के भीतर खोली गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान के पास ही एक प्रमुख मंदिर स्थित है, जहाँ सुबह-शाम बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसके अलावा पास में स्कूल और अस्पताल भी हैं, जहाँ बच्चों और मरीजों की आवाजाही रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों के नजदीक शराब की दुकान खोलना सामाजिक और नैतिक दृष्टि से भी गंभीर चिंता का विषय बताया जा रहा है।
दुकान मालिक का कहना है कि उनके पास सभी आवश्यक लाइसेंस और अनुमति मौजूद है। वहीं सेक्टरवासियों का आरोप है कि रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार की अनुमति मिलना प्रशासनिक लापरवाही या मिलीभगत का संकेत है। लोगों का कहना है कि यदि दुकान संचालित हुई तो शाम के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना तय है, जिससे महिलाओं और परिवारों की सुरक्षा प्रभावित होगी।
आरडब्ल्यूए ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि “सेक्टर-36 को शराब का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। आबकारी नियमों के अनुसार मंदिर, स्कूल और अस्पताल के पास ऐसी दुकानें नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को तुरंत भौतिक सत्यापन कर दुकान को यहां से हटाना चाहिए।”
सेक्टरवासियों ने जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन देने की तैयारी कर ली है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन और सड़क जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। साथ ही निवासियों ने यह भी कहा कि शहर के कई सेक्टरों में खुलेआम शराब पीने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और परिवारों के लिए असुरक्षा की स्थिति बन रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ