-->

शिवा बजाज एजेंसी के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान, 24 मार्च को धरने की चेतावनी

कुलदीप चौहान संवाददाता राष्ट्रीय दैनिक फ्यूचर लाइन टाईम्स नौएडा।
नोएडा। किसान यूनियन और ऑटो यूनियन ने एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर शिवा बजाज एजेंसी के मालिक के खिलाफ बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एजेंसी की कथित मनमानी और उपभोक्ताओं से अधिक वसूली के विरोध में आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके बाद एआरटीओ नंदकुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
भाकियू लोकशक्ति के परिवहन मंत्री व ऑटो यूनियन अध्यक्ष ओमप्रकाश गुर्जर ने आरोप लगाया कि एजेंसी मालिक द्वारा एआरटीओ प्रशासन और यूनियन पदाधिकारियों को फोन पर धमकाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि एक वाहन की एक्स-शोरूम कीमत 2,25,828 रुपये और रोड टैक्स 18,300 रुपये मिलाकर कुल 2,44,128 रुपये बनती है, जबकि एजेंसी 2,74,400 रुपये वसूल रही है, यानी प्रति वाहन करीब 30,272 रुपये की अतिरिक्त वसूली की जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी नोएडा में हैंडओवर के 47 दिन बाद भी यहां बिलिंग नहीं कर रही और गाजियाबाद से वाहन बिलिंग कर रही है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है। यूनियन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एजेंसी का ट्रेड सर्टिफिकेट रद्द करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 24 मार्च 2026 को सेक्टर-33 स्थित एआरटीओ कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में ओमप्रकाश गुर्जर, पवन पंडित, गोविंद मंडल, ठाकुर सुधीर, सतवीर सोलंकी, धनंजय शाह, अर्मेंद्र नगर, मिट्ठू राय, अर्पित, सुदीप सिंह, अरुण दादा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ