नई दिल्ली/नोएडा, 23 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के बीच नोएडा प्राधिकरण को जल प्रबंधन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार एवं यूनेस्को के संयुक्त समर्थन से आयोजित “World Water Award 2025-26” में नोएडा प्राधिकरण को “Municipal Water Reuse Initiative” श्रेणी में Water Warriors के रूप में विजेता चुना गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार आज नई दिल्ली के होटल ललित में आयोजित समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और जल शक्ति मंत्रालय के राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण की ओर से अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल तथा महाप्रबंधक (जल) आर.पी. सिंह अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे और पुरस्कार ग्रहण किया।
नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर में जल संरक्षण और पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। वर्तमान में विभिन्न एसटीपी प्लांटों से 260 एमएलडी शोधन जल उपलब्ध हो रहा है। इसमें से लगभग 90 एमएलडी जल का उपयोग हरित पट्टियों, पार्कों, गोल्फ कोर्स, वेटलैंड, निर्माण कार्यों, अग्निशमन और सड़कों के छिड़काव जैसे कार्यों में किया जा रहा है, जिससे भूजल स्तर को संरक्षित करने में मदद मिल रही है।
इसके अलावा सेक्टर-54 में पूर्व में बने वेस्ट स्थल का उपयोग करते हुए 20 एमएलडी शोधन जल से एक आकर्षक वेटलैंड विकसित किया गया है, जहां विभिन्न प्रकार के जलीय जीव-जंतु निवास कर रहे हैं।
प्राधिकरण ने वर्ष 2026-27 तक 125 एमएलडी शोधन जल के उपयोग का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस उपलब्धि को जल संरक्षण और सतत विकास की दिशा में नोएडा प्राधिकरण की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ