दादरी / ग्रेटर नोएडा। जनपद गौतम बुद्ध नगर की दादरी तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, प्रशासनिक शिथिलता और लंबित राजस्व प्रकरणों को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश नागर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत शिकायत पत्र भेजा है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तहसीलदार और नायब तहसीलदार न्यायालयों में नामांतरण (दाखिल-खारिज), विरासत, अंश निर्धारण, राजस्व अभिलेख संशोधन और सीमांकन जैसे प्रकरण दो-दो वर्षों से लंबित पड़े हैं। इससे आम नागरिकों, विशेषकर किसानों और काश्तकारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि सोहरखा जाहिदाबाद, हाजीपुर, भंगेल बेगमपुर, गेझा तिलपताबाद, सालारपुर खादर, धूम मानिकपुर और छपरौला सहित कई राजस्व ग्रामों में ग्राम सभा की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा कथित अवैध कब्जे और निर्माण किए जा रहे हैं। आरोप है कि संबंधित राजस्व कर्मियों की उदासीनता के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
राकेश नागर ने कहा कि नियमित सुनवाई न होने से लंबित मामलों का लाभ उठाकर संदिग्ध हस्तांतरण किए जा रहे हैं, जिससे भूमि विवाद और मुकदमेबाजी बढ़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाने की मांग की
0 टिप्पणियाँ